HomeBreaking Newsगुदरोग के आयुर्वेदिक उपचार पर होगा आयुष चिकित्सकों का विशेष सम्मेलन

गुदरोग के आयुर्वेदिक उपचार पर होगा आयुष चिकित्सकों का विशेष सम्मेलन

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा एवं हिमालया फार्मा जीआई डिवीजन, बेंगलुरु के संयुक्त तत्वावधान में 19 जुलाई 2026 (रविवार) को दोपहर 1 बजे होटल टॉप इन टाउन में आयुष चिकित्सकों का विशेष सम्मेलन एवं गुदरोग (अर्श एवं भगंदर) विषयक संभाषा परिषद आयोजित की जाएगी।
सम्मेलन में आयुर्वेद के अनुसार गुदरोगों के कारण, निदान एवं उपचार पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही इस विषय पर चिकित्सकों के व्यावहारिक अनुभव साझा किए जाएंगे और विभिन्न पहलुओं पर परिचर्चा भी होगी, जिससे आधुनिक परिप्रेक्ष्य में आयुर्वेदिक उपचार पद्धति को और प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया जा सके।
इस सम्मेलन में आयुष मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ जिले के सभी बीएएमएस चिकित्सक भाग लेंगे। कार्यक्रम में हिमालया फार्मा जीआई डिवीजन, बेंगलुरु के रीजनल मैनेजर आनंद पाण्डेय एवं सेल्स ऑफिसर चक्रपाणि पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा के जिलाध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने जिले के सभी आयुष (बीएएमएस) चिकित्सकों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गुदरोग के आयुर्वेदिक उपचार संबंधी नवीन जानकारियों एवं अनुभवों का लाभ उठाने की अपील की है।

Must Read