छत्तीसगढ़/कोरबा :- भीषण गर्मी के बीच आम नागरिकों, मजदूरों और राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को कोरबा शहर में “मानव सेवा जल केंद्र” का शुभारंभ किया गया। कोरबा नगर निगम एवं द्वारिका नगरी सामाजिक विकास ट्रस्ट के संयुक्त प्रयास से शुरू हुए इस सेवा केंद्र का उद्घाटन नगर की प्रथम नागरिक एवं महापौर संजू देवी राजपूत ने फीता काटकर किया। 
शहर के व्यस्त मुख्य मार्ग पर कोर्ट परिसर के सामने स्थापित इस जल केंद्र में राहगीरों को निशुल्क शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। गर्मी के इस कठिन दौर में यह पहल लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
उद्घाटन अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि “मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। भीषण गर्मी में प्यासे लोगों को शीतल जल उपलब्ध कराना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। नगर निगम सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर जनहित के ऐसे कार्य आगे भी करता रहेगा।”
द्वारिका नगरी सामाजिक विकास ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि जल केंद्र को ऐसे स्थान पर स्थापित किया गया है जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों को इसका लाभ मिल सके। ट्रस्ट के कार्यकर्ता नियमित रूप से जल केंद्र का संचालन करेंगे और स्वच्छता व पेयजल की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, वार्ड पार्षद चंद्रलोक सिंह, नरेन्द्र देवांगन, तरुण राठौर, दीपनारायण सोनी, श्रीजीत नायर, ट्रस्ट सदस्य प्रीतम जायसवाल एवं रेणु जायसवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उपस्थित लोगों ने इस जनसेवा पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी कदम बताया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने स्वयं राहगीरों को जल सेवा कर मानवता और सेवा का संदेश दिया।
जल केंद्र की विशेषताएं
कोर्ट परिसर के सामने मुख्य मार्ग पर स्थापना
निशुल्क शुद्ध एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था
ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं द्वारा नियमित संचालन
राहगीरों, मजदूरों एवं आमजन को गर्मी से राहत
“प्यासों को पानी पिलाना सबसे बड़ी सेवा” — इसी संदेश के साथ शुरू हुई जनहित की नई पहल
तपती गर्मी में राहत की सौगात: कोरबा में शुरू हुआ “मानव सेवा जल केंद्र”, राहगीरों को मिलेगा शीतल पेयजल, महापौर संजू देवी राजपूत ने फीता काटकर किया शुभारंभ, सामाजिक सेवा की मिसाल बना द्वारिका नगरी ट्रस्ट













