HomeBreaking News15 आरोपियों का संगठित गिरोह, 5 गिरफ्तार,दो मुख्य आरोपी फरार, गिरफ्तारी से...

15 आरोपियों का संगठित गिरोह, 5 गिरफ्तार,दो मुख्य आरोपी फरार, गिरफ्तारी से खुलेगा कबाड़ नेटवर्क का भेद,आसान पैसों के लालच में युवाओं को अपराध की ओर धकेलने की साजिश

छत्तीसगढ़/कोरबा :- रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल की लोहे की रेलिंग काटकर चोरी करने के मामले में कोरबा पुलिस ने बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में कुल 15 आरोपियों की पहचान की गई है, जिनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो मुख्य आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। 

- Advertisement -

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि चोरी किया गया लोहे का कबाड़ आखिर किन-किन स्थानों पर खपाया जा रहा था, और इस संगठित चोरी के पीछे कौन-कौन से कबाड़ कारोबारी जुड़े हुए हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह द्वारा आसान और जल्दी पैसा कमाने के लालच में युवा वर्ग को संगठित अपराध का हिस्सा बनाया गया। कम उम्र के युवाओं को गैस कटर जैसे खतरनाक उपकरण उपलब्ध कराकर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाली वारदातों में शामिल किया गया।   

दिनांक 17 जनवरी 2026 की दरमियानी रात रशियन हॉस्टल के पास नहर पुल में लगी लोहे की रेलिंग को गैस कटर से काटकर चोरी किया गया था। इस संबंध में चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 303(2), 112(2), 317(2)(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना एवं सतत पतासाजी कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

5 आरोपी गिरफ्तार, 5 टन लोहे की रेलिंग जप्त

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 01 टाटा एस (छोटा हाथी), 01 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, गैस कटर मशीन, ऑक्सीजन सिलेंडर, एलपीजी सिलेंडर, मोबाइल फोन, ₹6,000 नगद एवं लगभग 5 टन कटी हुई लोहे की रेलिंग जप्त की गई है।गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 19 से 27 वर्ष के बीच होना इस बात की ओर इशारा करता है कि किस तरह युवा वर्ग को सुनियोजित तरीके से अपराध की राह पर धकेला जा रहा है।         

सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि फरार मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के बाद पूरे कबाड़ तस्करी नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या चोरी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Must Read