HomeBreaking Newsमहिला सरपंच पर जानलेवा हमला, चुनावी रंजिश और अवैध शराब बना हमले...

महिला सरपंच पर जानलेवा हमला, चुनावी रंजिश और अवैध शराब बना हमले की वजह

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ग्राम पंचायत सतरेंगा की महिला सरपंच पर जानलेवा हमला किया गया। चुनावी रंजिश और अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाए जाने से नाराज आरोपी ने सरपंच को मौत के घाट उतारने की नीयत से लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सरपंच की हालत नाजुक बनी हुई है।

- Advertisement -

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीमती बंधन बाई कंवर, ग्राम पंचायत सतरेंगा की वर्तमान सरपंच हैं। पंचायत चुनाव के दौरान उनके खिलाफ खड़े प्रत्याशी को झूलसिंह पण्डो का समर्थन प्राप्त था। चुनाव में हार के बाद से आरोपी सरपंच से रंजिश रखने लगा था।

बताया जा रहा है कि 31 दिसंबर 2025 को सरपंच बंधन बाई कंवर ने महिला समूह के साथ गांव में अवैध शराब विक्रय व निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया था। इसी दौरान झूलसिंह पण्डो को भी शराब बनाने से सख्त मना किया गया था, जिससे वह और अधिक आक्रोशित हो गया।

01 जनवरी 2026 की शाम करीब 4.30 बजे, जब सरपंच अपने घर पर अकेली थीं, तभी झूलसिंह पण्डो जबरन घर में घुस आया और सरपंच पद से इस्तीफा देने का दबाव बनाने लगा। इंकार करने पर उसने लोहे की वजनी रॉड से सरपंच के सिर, छाती, पीठ और गले पर प्राणघातक हमला कर दिया।

हमले में सरपंच को गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तब आरोपी मौके से फरार होकर पूर्व सरपंच धनसिंह कंवर के घर में जा छिपा।

घटना की सूचना पर प्रार्थी गणेश सिंह कंवर ने अपनी बड़ी मां को तत्काल कृष्णा हॉस्पिटल, कोरबा में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस ने गणेश सिंह कंवर की रिपोर्ट पर आरोपी झूलसिंह पण्डो के खिलाफ धारा 109, 332(b) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Must Read