छत्तीसगढ़/कोरबा-हरदीबाजार :- हरदीबाजार क्षेत्र में धान खरीदी को लेकर उत्पन्न प्रशासनिक उलझनों से परेशान एक किसान द्वारा जहर सेवन किए जाने की सूचना सामने आई है। इस घटना को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री एवं भाजपा की वरिष्ठ आदिवासी नेता ननकी राम कंवर ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए शासन और प्रशासन का ध्यान किसानों की समस्याओं की ओर आकृष्ट कराया है।
पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर ने कहा कि धान खरीदी की प्रक्रिया में किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। बार-बार नियमों और प्रक्रियाओं में उलझाकर किसानों को मानसिक तनाव दिया जा रहा है, जिसके चलते वे हताशा की स्थिति में पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसान मजबूरी में आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास कर रहे हैं, तो यह व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है।
उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि इस पूरे मामले पर तत्काल संज्ञान लेते हुए किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। साथ ही धान खरीदी में लापरवाही बरतने वाले दोषी अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
ननकी राम कंवर ने बताया कि उन्होंने इस विषय को लेकर मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री, राजस्व मंत्री तथा कलेक्टर कोरबा से चर्चा करने की बात कही है और किसानों की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई है।
















