HomeBreaking Newsदीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, ढाबे से चावल-आटे और...

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, ढाबे से चावल-आटे और मिठाई दुकान से पनीर-लड्डू के नमूने लिए

मुड़ापार की दीपक स्वीट्स एंड डेयरी में स्वच्छता व्यवस्था में मिली खामियां, सुधार होने तक क्रय-विक्रय बंद रखने के निर्देश

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  दीपावली पर्व के मद्देनजर आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने एकत्र किए। इस दौरान नूनेरा, पाली स्थित पंजाब रंगीला ढाबा से चावल और आटे का नमूना लिया गया। वहीं, कोरबा के मुड़ापार स्थित दीपक स्वीट्स एंड डेयरी का निरीक्षण करने पर स्वच्छता व्यवस्था में कमियां पाई गईं।

- Advertisement -

निरीक्षण के दौरान दीपक स्वीट्स एंड डेयरी में साफ-सफाई एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाएं पर्याप्त नहीं मिलीं। इसके अलावा प्रतिष्ठान में पानी की जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट सहित आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं पाए गए। खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन में पाई गई इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने प्रतिष्ठान से पनीर और लड्डू के नमूने एकत्र किए, ताकि उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जा सके।

विभाग ने संबंधित फर्म को आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि आवश्यक सुधार होने तक प्रतिष्ठान में खाद्य सामग्री का क्रय-विक्रय बंद रखा जाए। इस कार्रवाई के जरिए विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा संबंधी निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने का संदेश दिया है।

त्योहार में मिलावट पर निगरानी, उपभोक्ताओं की सेहत प्राथमिकता

दीपावली के दौरान मिठाइयों, डेयरी उत्पादों और अन्य खाद्य सामग्रियों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करना जरूरी हो जाता है। विभागीय निरीक्षण और नमूना संग्रह की कार्रवाई इसी दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। खाद्य कारोबारियों के लिए आवश्यक है कि वे प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखें, पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करें तथा कर्मचारियों से संबंधित जरूरी दस्तावेज उपलब्ध रखें, ताकि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का समझौता न हो।

Must Read