तिलक भवन में प्रेस कांफ्रेंस कर दरगाह कमेटी ने दी आयोजन की जानकारी
छत्तीसगढ़/कोरबा :- बिलासपुर जिले के लुतरा शरीफ में शहंशाहे छत्तीसगढ़ हजरत बाबा सैयद इंसान अली शाह का पांच दिवसीय सालाना उर्स 28 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक अकीदत और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। उर्स की तैयारियों को लेकर दरगाह इंतेजामिया कमेटी प्रशासन के सहयोग से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी है।
शनिवार को कोरबा के तिलक भवन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कमेटी के सदर हाजी मोहम्मद इकबाल हक ने उर्स के कार्यक्रमों की जानकारी दी। पांच दिनों तक परचम कुशाई, शाही संदल, मजार-ए-पाक का गुस्ल, चादरपोशी, नातिया मुशायरा, जलसा-ए-तकरीर, कव्वाली और कुल की फातिहा सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे।
28 सितंबर को परचम कुशाई व नातिया मुशायरा, 29 सितंबर को शाही संदल एवं जलसा-ए-तकरीर, 30 सितंबर को संदल चादर व कव्वाली, 1 अक्टूबर को कव्वाली तथा 2 अक्टूबर को कुल की फातिहा और रंग की महफिल के साथ उर्स का समापन होगा।
उर्स में बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, विश्राम और लंगर की व्यवस्था की जा रही है। सभी दिनों दोपहर से देर रात तक दरबारी शाही लंगर (भंडारा) चलेगा। दरगाह लुतरा शरीफ सर्वधर्म समभाव और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए भी प्रसिद्ध है।
दरगाह इंतेजामिया कमेटी में: खजांची जनाब फैजान अहमद शेबू, नायब खजांची जनाब जावेद रब्बानी (कोरबा) और लंगर इंचार्ज जनाब हाजी मो. कुदुस (बिलासपुर) शामिल हैं। सदस्यों में हाजी मो. नजीर अहमद (बलौदा), मो. सज्जाद सिद्दीकी (कोरबा), सैयद इंसान अली (बिलासपुर), शेख सिकंदर (बिलासपुर), मो. एजाज खान (लुतरा शरीफ), मुशर्रफ खान (बिलासपुर), अब्दुल वहाब अशरफी (लुतरा शरीफ), हाजी अनवारूल हक (लुतरा शरीफ), हाजी अब्दुल करीम बेग (लुतरा शरीफ), अब्दुल शहनवाज मेमन (लुतरा शरीफ) एवं शेख अब्दुल गफ्फार (लुतरा शरीफ) शामिल हैं।












