HomeBreaking Newsश्रावणी मेला में श्रद्धालुओं को बड़ी राहत: साउथ बिहार एक्सप्रेस पूरे अगस्त...

श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं को बड़ी राहत: साउथ बिहार एक्सप्रेस पूरे अगस्त चलेगी, आंशिक निरस्तीकरण का फैसला वापस

छत्तीसगढ़/बिलासपुर :-  श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं और शिवभक्तों के लिए राहत भरी खबर है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की पहल पर गाड़ी संख्या 13288/13287 आरा–दुर्ग–आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस को पूरे अगस्त (सावन) माह के लिए पुनः पूर्ण मार्ग पर बहाल (रिस्टोर) कर दिया गया है। इससे पहले इस ट्रेन को ट्रैक अनुरक्षण कार्य के चलते दुर्ग–राउरकेला–दुर्ग के बीच कुछ तिथियों में आंशिक रूप से रद्द किया गया था।
रेलवे के अनुसार दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में कंसबहाल–धारुआडीही खंड की अप एवं डाउन लाइन पर मेगा ब्लॉक लेकर ट्रैक अनुरक्षण और आधारभूत संरचना संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। सुरक्षित रेल परिचालन के लिए यह कार्य आवश्यक है, जिसके कारण साउथ बिहार एक्सप्रेस के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया था।
हालांकि, श्रावणी मेला के दौरान छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष पहल करते हुए ट्रेन को पूरे अगस्त माह में उसके प्रारंभिक एवं अंतिम स्टेशन आरा–दुर्ग–आरा के बीच नियमित रूप से संचालित करने का निर्णय लिया है।
रेलवे द्वारा जारी विशेष परिचालन व्यवस्था के अनुसार 06, 13, 20 और 27 अगस्त 2026 को आरा से रवाना होने वाली 13288 आरा–दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस चांडिल–कांद्रा–सीनी के परिवर्तित मार्ग से चलेगी। वहीं 07, 14, 21 और 28 अगस्त 2026 को चलने वाली 13287 दुर्ग–आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस दुर्ग से आरा तक अपने नियमित मार्ग से संचालित होगी।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का यह निर्णय श्रावणी मेला में यात्रा करने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। इससे सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले यात्रियों को निर्बाध, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।

Must Read