HomeBreaking Newsफर्जी लोन के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह पर कोरबा पुलिस...

फर्जी लोन के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह पर कोरबा पुलिस का बड़ा प्रहार, महिला कर्मचारी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने फर्जी लोन दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, चौकी सीएसईबी अंतर्गत थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 643/2026 की जांच के दौरान सामने आया कि टीपी नगर स्थित अभिवृद्धि फाइनेंशियल सर्विसेस के माध्यम से लोगों को कम ब्याज पर लोन दिलाने का झांसा दिया जाता था। आरोपियों द्वारा प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के नाम पर पीड़ितों से बैंक खातों में रकम जमा कराई जाती थी, लेकिन न तो लोन दिया गया और न ही जमा राशि लौटाई गई।
विवेचना के दौरान बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल साक्ष्यों और दस्तावेजों की जांच के आधार पर प्रियंका कलसे (22 वर्ष), निवासी प्रताप नगर, थाना दर्री, कोरबा को 14 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब बैंक खातों में हुए लेन-देन, डिजिटल उपकरणों और दस्तावेजों का तकनीकी विश्लेषण कर गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश भी लगातार जारी है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संस्था या व्यक्ति को लोन दिलाने के नाम पर अग्रिम राशि या प्रोसेसिंग शुल्क जमा करने से पहले उसकी वैधता की पूरी जांच अवश्य करें, ताकि साइबर और वित्तीय ठगी से बचा जा सके।

Must Read