छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले के पसान क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने स्थानीय जनपद उपाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जाखड़ पर घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट, जातिसूचक गालियां देने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में महिला थाना कोरबा में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, घटना 3 जुलाई 2026 की शाम की है। पीड़िता का आरोप है कि वह अपने घर में खाना बना रही थी, जबकि उसका पति बाहर लकड़ी जमा कर रहा था। इसी दौरान प्रकाश चन्द्र जाखड़ कथित रूप से जबरन घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए जबरदस्ती करने लगा। महिला का कहना है कि विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने किसी को घटना की जानकारी नहीं देने के बदले पैसे देने की बात कही।
पीड़िता के अनुसार, शोर सुनकर उसका पति और ससुर मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने उनके साथ भी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपमानित किया तथा राशन कार्ड और आवास योजना का लाभ बंद कराने, गांव से निकलवाने और जान से मरवाने की धमकी दी।
महिला ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने राजनीतिक और प्रशासनिक पहुंच का हवाला देते हुए कहा कि उसके खिलाफ शिकायत करने से कोई कार्रवाई नहीं होगी तथा उसके पति को झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी भी दी।
उल्लेखनीय है कि प्रकाश चन्द्र जाखड़ का नाम भारतीय जनता पार्टी की स्थायी आमंत्रित सदस्यों की सूची में भी शामिल है। हालांकि, इस मामले में उनके पक्ष या भाजपा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पीड़िता ने पुलिस से आरोपों की निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। मामले में पुलिस की ओर से शिकायत के आधार पर जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रकाश सिंह जाखड़ के ऊपर फिर लगा आरोप महिला से छेड़छाड़ एवं जाति सूचक गाली गलौज मारपीट देने का महिला थाना में शिकायत











