छत्तीसगढ़/कोरबा :- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को एनटीपीसी कोरबा के कल्याण मंडप में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम परियोजना प्रमुख किशोर चंद्र पात्र के मुख्य आतिथ्य तथा महाप्रबंधक (अनुरक्षण व प्रचालन) शत्रुघ्न बेहेरा एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी विनोद कोल्हटकर के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ। 
योग शिविर में आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा विशेषज्ञ नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा तथा योग शिक्षक राजेश प्रजापति ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को योगाभ्यास कराया। उन्होंने योग करते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी देते हुए विभिन्न रोगों के अनुसार विशेष योगासन एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण भी दिया।
कार्यक्रम में 500 से अधिक एनटीपीसी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सपरिवार भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा नियमित रूप से अपनी दिनचर्या में योग को शामिल करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विभिन्न आयु वर्गों के लिए योग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में परियोजना प्रमुख किशोर चंद्र पात्र ने योगाचार्य नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा एवं योग शिक्षक राजेश प्रजापति का विशेष योग प्रशिक्षण के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्हें शाल ओढ़ाकर तथा औषधीय पौधे भेंट कर सम्मानित किया।











