कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी के कई मामलों में आरोपियों तक पहुंची पुलिस
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस सहायता केंद्र सीएसईबी एवं थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने स्कूटी चोरी और घरेलू सामान चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सिविल लाइन रामपुर अंतर्गत दर्ज स्कूटी चोरी के एक मामले की विवेचना के दौरान पुलिस सहायता केंद्र सीएसईबी की टीम ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथी के साथ मिलकर स्कूटी चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने चोरी गई स्कूटी बरामद कर दोनों बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। 
इसी तरह स्कूटी चोरी के एक अन्य मामले में वाहन क्रमांक CG 12 AY 5376 की पतासाजी के दौरान दो अन्य विधि से संघर्षरत बालकों को चिन्हित किया गया। पूछताछ में उन्होंने भी चोरी की वारदात स्वीकार की। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड प्राप्त किया गया।

गैस सिलेंडर और स्टील सामग्री चोरी करने वाला आरोपी भी गिरफ्तार
थाना सिविल लाइन Ramपुर क्षेत्र में दर्ज एक अन्य चोरी के प्रकरण में पुलिस ने आरोपी दिलचंद आदिले (23 वर्ष) निवासी अटल आवास खम्हरिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर घर के पीछे रखे गैस सिलेंडर एवं स्टील सामग्री चोरी करने का आरोप था। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी की गई सामग्री बरामद कर ली गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
अपराधियों पर लगातार कार्रवाई जारी
कोरबा पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी, लूट और अन्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।











