HomeBreaking Newsनौतपा की तपिश में मानवता की मिसाल: कोरबा में शुरू हुआ “मानव...

नौतपा की तपिश में मानवता की मिसाल: कोरबा में शुरू हुआ “मानव सेवा जल केंद्र”, मुख्यमंत्री की अपील से जुड़ी जनसेवा की मुहिम

महापौर संजू देवी राजपूत ने किया शुभारंभ, राहगीरों को मिलेगा शीतल जल, नींबू शरबत और जलजीरा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भीषण गर्मी में सेवा, संवेदना और जल संरक्षण का दिया संदेश

छत्तीसगढ़/कोरबा :- नौतपा की भीषण गर्मी और 44 डिग्री के पार पहुंचते तापमान के बीच कोरबा शहर में मानवता और जनसेवा की अनूठी मिसाल देखने को मिली। आम नागरिकों, राहगीरों, मजदूरों और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कोरबा एवं द्वारिका नगरी सामाजिक विकास ट्रस्ट के संयुक्त सौजन्य से “मानव सेवा जल केंद्र” का शुभारंभ किया गया।   

- Advertisement -

शहर के मुख्य मार्ग कोर्ट परिसर के सामने स्थापित इस जल केंद्र का उद्घाटन नगर की प्रथम नागरिक महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर लोगों को शुद्ध शीतल पेयजल के साथ नींबू शरबत, जलजीरा और मीठे शरबत की भी निशुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई गई।   

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि “मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। नौतपा की इस भीषण गर्मी में राहगीरों को ठंडा पानी उपलब्ध कराना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। नगर निगम सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर जनहित के ऐसे कार्य लगातार करता रहेगा।”

उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी के बीच समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं को आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए ताकि कोई भी व्यक्ति प्यास और गर्मी से परेशान न हो।

नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडे ने जल संरक्षण और पानी की उपयोगिता पर जोर देते हुए कहा कि नगर निगम शुद्ध पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से पानी बचाने और जल के महत्व को समझने की अपील भी की।

वार्ड पार्षद नरेंद्र देवांगन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को पानी पिलाना सबसे बड़ी सेवा है। ऐसे कार्य समाज को मानवीय संवेदनाओं से जोड़ते हैं और सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।

द्वारिका नगरी सामाजिक विकास ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि जल केंद्र ऐसे स्थान पर स्थापित किया गया है जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। ट्रस्ट के कार्यकर्ता नियमित रूप से यहां शीतल पेयजल सेवा संचालित करेंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सके।

इस अवसर पर आयुक्त आशुतोष पांडे, वार्ड पार्षद चंद्रलोक सिंह, नरेंद्र देवांगन, तरुण राठौर, दीपनारायण सोनी, श्रीजीत नायर, ट्रस्ट सदस्य प्रीतम जायसवाल, रेणु जायसवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इधर, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने भी प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को लेकर प्रदेशवासियों से सतर्कता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ आसपास के लोगों का भी ध्यान रखना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से पर्याप्त पानी पीने, तेज धूप से बचने और सार्वजनिक स्थानों पर राहगीरों के लिए पेयजल की व्यवस्था करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सेवा और संवेदना का छोटा-सा प्रयास भी किसी जरूरतमंद के लिए बड़ी राहत बन सकता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बच्चों, बुजुर्गों, मजदूरों और खुले में काम करने वाले लोगों का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ती दिखे तो उसे तुरंत छायादार स्थान पर ले जाकर पानी, ओआरएस अथवा अन्य तरल पदार्थ उपलब्ध कराना चाहिए।

उन्होंने पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने का भी आह्वान करते हुए घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी के पात्र रखने की अपील की।

नौतपा की झुलसाती गर्मी के बीच कोरबा में शुरू हुआ “मानव सेवा जल केंद्र” मुख्यमंत्री की इसी सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को जमीन पर उतारता नजर आया, जहां जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और नागरिक मिलकर मानवता की प्यास बुझाने में जुटे दिखाई दिए।

Must Read