HomeBreaking Newsखरीफ 2026 के लिए खाद वितरण के नए नियम तय, किसानों को...

खरीफ 2026 के लिए खाद वितरण के नए नियम तय, किसानों को चरणबद्ध मिलेगा यूरिया और डीएपी

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  खरीफ सीजन 2026 में किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए शासन ने खाद वितरण हेतु नए मापदण्ड निर्धारित किए हैं। कृषि विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार इस वर्ष किसानों को खरीफ 2025 में प्राप्त उर्वरकों के आधार पर ही खाद वितरित किया जाएगा।

- Advertisement -

निर्धारित व्यवस्था के तहत किसानों को खरीफ 2025 में वितरित यूरिया की 80 प्रतिशत मात्रा तथा डीएपी की 60 प्रतिशत मात्रा ही खरीफ 2026 में दी जाएगी। यूरिया की शेष 20 प्रतिशत मात्रा पारंपरिक यूरिया उपलब्ध होने पर दी जाएगी, अन्यथा किसानों को नैनो यूरिया प्रदान किया जाएगा। वहीं डीएपी की बची हुई 40 प्रतिशत मात्रा वैकल्पिक एनपीके उर्वरक अथवा नैनो डीएपी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।

कृषि विभाग ने बताया कि समितियों में नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जा रहा है। सीमांत किसानों, जिनकी भूमि 2.5 एकड़ तक है, को निर्धारित मात्रा एकमुश्त दी जाएगी। लघु किसानों (2.5 से 5 एकड़) को यूरिया दो किश्तों में मिलेगा, जबकि बड़े किसानों (5 एकड़ से अधिक) को तीन किश्तों में खाद वितरित किया जाएगा। दूसरी किश्त पहली किश्त के 20 दिन बाद तथा तीसरी किश्त दूसरी किश्त के 20 दिन बाद दी जाएगी।

उर्वरक वितरण की गणना बोरी के आधार पर की जाएगी। यदि गणना में दशमलव संख्या आती है तो निकटतम पूर्णांक को मान्य किया जाएगा। उदाहरण के तौर पर 7.2 बोरी को 7 तथा 7.8 बोरी को 8 बोरी माना जाएगा।

कृषि विभाग द्वारा वैकल्पिक उर्वरकों, जैव उर्वरकों और हरी खाद के उपयोग को बढ़ावा देने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। समितियों में ढेंचा एवं मूंग बीज का भंडारण प्रारंभ हो चुका है, जबकि किसानों को नील हरित काई उत्पादन के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। कृषि वैज्ञानिकों की अनुशंसा अनुसार पोस्टर और पाम्पलेट के माध्यम से किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग की जानकारी दी जा रही है।

उप संचालक कृषि, कोरबा ने किसानों से अपील की है कि वे आवश्यकता से अधिक उर्वरक खरीदने से बचें और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा अनुशंसित मात्रा के अनुसार ही खाद का उपयोग करें, ताकि फसल को संतुलित पोषण मिल सके और उर्वरकों की उपलब्धता बनी रहे।

Must Read