HomeBreaking Newsसड़क पर लापरवाही पड़ेगी भारी : कोरबा पुलिस का बड़ा एक्शन, एक...

सड़क पर लापरवाही पड़ेगी भारी : कोरबा पुलिस का बड़ा एक्शन, एक ही दिन में 104 चालकों पर कार्रवाई, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 19 लोग पुलिस के शिकंजे में

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिलेभर के थाना, चौकी एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीमों ने विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की।   
विशेष अभियान के दौरान एक ही दिन में कुल 104 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए ₹53,400 समंस शुल्क वसूला गया। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 19 वाहन चालकों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से लापरवाह वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान के दौरान हेलमेट नहीं पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने एवं तेज रफ्तार जैसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।   
कोरबा पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पुलिस ने लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने, शराब सेवन के बाद वाहन न चलाने तथा ट्रैफिक संकेतों का पालन करने की अपील की है।
सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस का कहना है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आने वाले दिनों में और भी व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया जाएगा। जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील मार्गों पर लगातार चेकिंग की जा रही है ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।
कोरबा पुलिस की अपील
“सुरक्षित वाहन चलाएं, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की जिंदगी को भी सुरक्षित बनाएं। आपकी थोड़ी सी सावधानी किसी परिवार की खुशियां बचा सकती है।”

Must Read