HomeBreaking Newsजल आपूर्ति रोकने पर अनिल राठौर के खिलाफ शिकायत

जल आपूर्ति रोकने पर अनिल राठौर के खिलाफ शिकायत

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  ग्राम पंचायत हरदीबाजार में पेयजल आपूर्ति बाधित करने, पंचायत कर्मियों के साथ मारपीट करने तथा भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री के घर पर हमला कर महिलाओं को डराने-धमकाने का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं पीड़ित महिला नेत्री ने थाना हरदीबाजार में लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी अनिल राठौर के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री श्रीमती अनुसूईया राठौर ने शिकायत में बताया कि 22 मई 2026 की रात लगभग 8 बजे अनिल राठौर अपने दो साथियों के साथ उनके घर पहुंचा। उस समय घर पर केवल वह और उनकी पुत्री मौजूद थीं। आरोप है कि आरोपी ने बंद दरवाजे को लात-घूंसों से तोड़ने का प्रयास किया और अभद्र गालियां देते हुए बाहर खड़े ट्रैक्टर व अन्य वाहनों को आग लगाने की धमकी दी। घटना के बाद महिला नेत्री और उनका परिवार भय के माहौल में है।
इधर, ग्राम पंचायत हरदीबाजार के सरपंच लोकेश्वर सिंह कंवर, उपसरपंच एवं सचिव ने भी थाना प्रभारी को शिकायत सौंपते हुए बताया कि एसईसीएल दीपका परियोजना के तहत गांव में टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जाती है। आरोप है कि 22 मई की शाम करीब 6 बजे अनिल राठौर ने बीच रास्ते में पानी सप्लाई कर रहे टैंकर को रोक लिया और पानी आपूर्ति कार्य की निगरानी कर रहे मुंशी जय कुमार साहू तथा चालक ओमप्रकाश रोहिदास के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
पंचायत का कहना है कि इस घटना के कारण भीषण गर्मी के बीच गांव की पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पंचायत ने इसे शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने और आवश्यक सेवा प्रभावित करने का गंभीर मामला बताते हुए आरोपी पर कड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है।
टैंकर चालक ओमप्रकाश रोहिदास ने भी अलग से शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह ट्रैक्टर क्रमांक CG 22 U 8421 से एसईसीएल गेवरा क्षेत्र से उमेंदीभांठा के लिए पानी लेकर जा रहे थे। इसी दौरान शिक्षक नगर स्थित हरि साइकिल स्टोर के पास आरोपी ने रास्ता रोककर दूसरे क्षेत्र में पानी खाली करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।

- Advertisement -

Must Read