कोरबा में आयोजित स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार शिविर में बच्चों को पिलाई गई इम्युनिटी बूस्टर ड्रॉप्स
छत्तीसगढ़/कोरबा :- “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वाधान में गुरुवार को बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार शिविर का आयोजन किया गया। निहारिका रोड स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस शिविर में अति शुभ गुरु पुष्य नक्षत्र के अवसर पर बच्चों को आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन के तहत स्वर्ण बिंदु प्राशन ड्रॉप्स पिलाई गई।
कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने बताया कि स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार आयुर्वेद के 16 प्रमुख संस्कारों में से एक है, जिसे जन्म से लेकर 18 वर्ष तक के बच्चों को कराया जाता है। यह संस्कार बच्चों को मौसमी बीमारियों से बचाने, उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों की इम्यूनिटी मजबूत करना अत्यंत आवश्यक हो गया है और स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार एक प्रभावशाली इम्युनिटी बूस्टर के रूप में कार्य करता है। इसके नियमित सेवन से बच्चों में रोगों से लड़ने की क्षमता विकसित होती है और उनका संपूर्ण स्वास्थ्य बेहतर बना रहता है।
शिविर में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार कराया। आयोजन को सफल बनाने में श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा, नेत्रनंदन साहू, अश्वनी बुनकर, कमल धारिया, अरुण मानिकपुरी, देवबली कुंभकार, सिद्धराम शाहनी, राकेश इस्पात, पंचकर्म थेरेपिस्ट पिंकी बरेठ एवं सिमरन जायसवाल सहित अन्य लोगों का विशेष योगदान रहा।













