छत्तीसगढ़/कोरबा :- छत्तीसगढ़ में पुलिस व्यवस्था को और अधिक आधुनिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए “नेक्स्ट जेन CG Dial-112” सेवा के अंतर्गत कोरबा जिले को 22 अत्याधुनिक डायल-112 वाहन प्राप्त हुए हैं। इन वाहनों का शुभारंभ रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah एवं मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai द्वारा किया गया। 
प्रदेश के सभी 33 जिलों के लिए 400 से अधिक आधुनिक डायल-112 वाहन एवं 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसी क्रम में कोरबा जिले को मिले 22 नए वाहन अब जिले के विभिन्न संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण क्षेत्रों में तैनात किए जाएंगे, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की प्रतिक्रिया और अधिक तेज एवं प्रभावी होगी।
इन वाहनों में GPS, वायरलेस रेडियो, PTZ कैमरा, डैश कैमरा, मोबाइल NVR, स्मार्टफोन तथा सोलर बैकअप जैसी अत्याधुनिक तकनीक उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रीयल-टाइम लोकेशन ट्रैकिंग एवं त्वरित संचार संभव हो सकेगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इससे कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में बड़ी मदद मिलेगी।
“एक्के नम्बर, सब्बो बर…” की थीम पर आधारित यह सेवा सड़क दुर्घटना, मेडिकल इमरजेंसी, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सहित हर प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान करेगी। नागरिक अब वॉयस कॉल, SMS, WhatsApp, ईमेल, वेब पोर्टल, चैटबॉट एवं SOS-112 इंडिया ऐप के माध्यम से भी सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
Korba Police ने कहा कि डायल-112 केवल एक सेवा नहीं, बल्कि आम जनता के लिए सुरक्षा और भरोसे की नई लाइफलाइन है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि संकट की हर घड़ी में आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
प्रमुख बातें
▪️ कोरबा जिले को मिली 22 हाईटेक डायल-112 गाड़ियां
▪️ 24×7 आपातकालीन सहायता सुविधा होगी और मजबूत
▪️ GPS, लाइव मॉनिटरिंग एवं डैश कैम से लैस वाहन
▪️ महिलाओं, बच्चों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को मिलेगा नया बल
▪️ त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम से बढ़ेगी सुरक्षा व्यवस्था













