छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले के कटघोरा नगर पालिका परिषद में 15वीं वित्त मद के तहत एक बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी अनिल अग्रवाल ने कलेक्टर को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि करीब 41.21 लाख रुपए की राशि का भुगतान पाइपलाइन विस्तार कार्य किए बिना ही कर दिया गया। 
शिकायत के अनुसार, निविदा सूचना क्रमांक 164564 दिनांक 17 जनवरी 2025 के तहत स्वीकृत इस कार्य में पहले कोई पाइपलाइन नहीं बिछाई गई थी, लेकिन भुगतान कर दिया गया। मामले की शिकायत 07 अप्रैल 2026 को जिलाधीश को की गई थी।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शिकायत के बाद अब कटघोरा नगर पालिका परिषद द्वारा जल्दबाजी में नवागांव वार्ड क्रमांक 05 गौरेया भांठा में पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया गया है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि पहले कार्य नहीं हुआ था और अब जांच से बचने की कोशिश में काम कराया जा रहा है।
आवेदक अनिल अग्रवाल ने इस पूरे मामले को गंभीर वित्तीय अनियमितता बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने अपने पूर्व में दिए गए शिकायत पत्र की प्रति भी संलग्न कर प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की गुहार लगाई है।











