HomeBreaking Newsसतरेंगा में जंगल माफिया पर बड़ा प्रहार: शिक्षक समेत गिरोह बेनकाब, 359...

सतरेंगा में जंगल माफिया पर बड़ा प्रहार: शिक्षक समेत गिरोह बेनकाब, 359 नग साल-बीजा चिरान जब्त

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले के बालकोनगर रेंज अंतर्गत ग्राम सतरेंगा में वन विभाग ने जंगल माफिया के खिलाफ बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए इमारती लकड़ी के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में एक शिक्षक की संलिप्तता सामने आने से पूरे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।

- Advertisement -

गोपनीय सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने सतरेंगा के छह घरों में एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान घरों में छिपाकर रखे गए साल, बीजा, हल्दू समेत अन्य प्रजातियों के कुल 359 नग चिरान बरामद किए गए। जब्त लकड़ी की कुल मात्रा लगभग 5.405 घनमीटर आंकी गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 4.25 लाख रुपए बताई जा रही है।

कार्रवाई में शिक्षक जगत निर्मलकर के घर से सबसे अधिक 254 नग (साल, बीजा) चिरान जब्त किए गए। वहीं महेत्तर सिंह के घर से 73 नग (साल, बीजा व हल्दू), घासीराम के घर से 18 नग (साल), लच्छीराम के घर से 10 नग (साल, बीजा) और भगत राम के घर से 4 नग (साल) चिरान बरामद किए गए। इस तरह कुल मिलाकर 359 नग अवैध चिरान जब्त कर वन विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है।

पूरी कार्रवाई पुलिस बल और वन विभाग के 55 अधिकारियों-कर्मचारियों की संयुक्त टीम द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से अंजाम दी गई। इसमें बालको, कोरबा और लेमरू परिक्षेत्र के अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे। वन विभाग ने बताया कि घरों में अवैध लकड़ी छिपाकर रखने की पुख्ता सूचना मिलने के बाद विधिवत सर्च वारंट प्राप्त कर यह दबिश दी गई।

कार्रवाई के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, संयुक्त वन प्रबंधन समिति के सदस्य और ग्रामीण भी मौजूद रहे। यह पूरी कार्रवाई वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के आदेश एवं उप वनमंडलाधिकारी सूर्यकांत सोनी के निर्देशन में की गई। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Must Read