छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में जिले भर में संचालित की गई। 
पुलिस द्वारा रात्रिकालीन समय में सार्वजनिक स्थलों पर बेवजह घूमने, अड्डेबाजी करने तथा झुंड में एकत्रित होकर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सघन जांच एवं निगरानी की गई। इस दौरान संदिग्ध पाए गए व्यक्तियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधात्मक धारा 128 बीएनएसएस के अंतर्गत कुल 20 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य रात्रि के समय शांति व्यवस्था बनाए रखना, असामाजिक एवं आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। पुलिस की इस पहल से रात्रिकालीन अपराधों पर अंकुश लगाने में सहायता मिलेगी।कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी जिले में रात्रि गश्त, सतत निगरानी एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई को इसी प्रकार निरंतर और सघन रूप से जारी रखा जाएगा, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके और नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।

















