छत्तीसगढ़/जांजगीर-चांपा :- जिले की अकलतरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शेयर मार्केट और रियल स्टेट में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले कई वर्षों से आम लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर ठगी कर रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रमोद कुमार वैष्णव, पिता स्व. मोचन दास वैष्णव, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी जवाहर नगर अकलतरा के रूप में हुई है। आरोपी वर्ष 2022-23 से अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
15 प्रतिशत मासिक ब्याज का झांसा
पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को रियल स्टेट व शेयर मार्केट का कारोबारी बताकर लोगों को हर माह 15 प्रतिशत ब्याज देने का लालच देता था। भरोसा दिलाने के लिए वह प्रार्थियों को अपने नाम से इकरारनामा और बैंकों के चेक भी दिया करता था।
बेटी की शादी के लिए जुटाए पैसे भी हड़प लिए
मामले की शिकायत प्रार्थी महेंद्र कुमार कश्यप, निवासी कामता थाना शिवरीनारायण ने दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि जून 2024 में आरोपी से मुलाकात के बाद उसने अपनी बेटी की शादी के लिए धान बेचकर जमा किए गए ₹10 लाख नगद आरोपी को दे दिए। कुछ समय बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया और वह फरार हो गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने कौशल प्रसाद कश्यप से ₹10 लाख और हीरा लाल कश्यप, निवासी चोरभट्टी से ₹5 लाख की ठगी की। इसी तरह 10 से 15 अन्य लोगों से भी लाखों-करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से गिरफ्तारी
पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। गवाहों के बयान, चेक और इकरारनामे जब्त किए गए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने कोरबा, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर जिलों में लगभग ₹30 करोड़ की ठगी करना स्वीकार किया। 
20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
आरोपी के कब्जे से: वेगनआर कार (CG-11-M-8955) – अनुमानित कीमत ₹4 लाख, अन्य कार (CG-11-B-5814) – ₹8.50 लाख, यामाहा मोटरसाइकिल (CG-11-BL-3379) – पुत्र के नाम से कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग ₹20 लाख है। आरोपी की अन्य अर्जित संपत्तियों, भूमि और मकान की जानकारी जुटाई जा रही है।
अन्य आरोपी फरार
आरोपी के विरुद्ध धारा 420 भा.दं.सं. के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। प्रकरण में अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का मानना है कि आगे और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, थाना प्रभारी अकलतरा सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

















