HomeBreaking Newsउतरदा R&R साइट बनेगी हरदीबाजार विस्थापितों के लिए श्रेष्ठ मॉडल, कलेक्टर के...

उतरदा R&R साइट बनेगी हरदीबाजार विस्थापितों के लिए श्रेष्ठ मॉडल, कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारियों ने किया विस्तृत निरीक्षण

46 हेक्टेयर भूमि पर विकसित हो रहा आदर्श टाउनशिप, हर पात्र परिवार को 6 डिसमिल का प्लॉट

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिला कलेक्टर के निर्देश पर आज 12 दिसंबर 2025 को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पाली रोहित सिंह ने SECL दीपका क्षेत्र स्थित उतरदा पुनर्स्थापन एवं पुनर्वास (R&R) साइट का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण में SECL दीपका सिविल विभाग के अधिकारी डी. आर. जाटवर, राजस्व विभाग के नोडल अधिकारी रोशन मेश्राम तथा अनिल पाटले भी उपस्थित रहे।

- Advertisement -

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुनर्वास स्थल के सभी घटकों का अवलोकन कर कार्य प्रगति की समीक्षा की। SECL दीपका द्वारा लगभग 46 हेक्टेयर अर्जित भूमि पर ग्राम हरदीबाजार के विस्थापितों के लिए आधुनिक एवं आदर्श टाउनशिप विकसित की जा रही है, जिसे तकनीकी विशेषज्ञों और आर्किटेक्ट द्वारा मॉडल R&R साइट के रूप में डिजाइन किया गया है।

6 किमी लंबी एप्रोच रोड का निर्माण प्रस्तावित

टाउनशिप को मुख्य सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए NTPC रेलवे लाइन के समांतर करीब 6 किमी लंबी एप्रोच रोड के निर्माण की योजना है। इसके बन जाने से साइट तक आवागमन सुगम, सुरक्षित और निर्बाध होगा तथा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

हर पात्र परिवार को मिलेगा 6 डिसमिल का प्लॉट

मॉडल R&R साइट में प्रत्येक पात्र प्रभावित परिवार को 6 डिसमिल आवासीय प्लॉट उपलब्ध कराया जाएगा। इसे अब तक हरदीबाजार क्षेत्र के लिए SECL दीपका का सर्वश्रेष्ठ पुनर्वास मॉडल माना जा रहा है।

R&R साइट में मिलेंगी सभी आधुनिक नागरिक सुविधाएं

RFCTLARR Act, 2023 के शेड्यूल-3 के अनुरूप टाउनशिप में निम्नलिखित सुविधाएं विकसित की जा रही हैं—

  • सुव्यवस्थित आवासीय क्षेत्र

  • पार्क एवं हरित क्षेत्र

  • प्राथमिक व उच्चतर शिक्षा के लिए विद्यालय

  • स्वास्थ्य सेवाओं हेतु अस्पताल

  • तहसील एवं पंचायत भवन

  • सामुदायिक भवन व अन्य प्रशासनिक भवन

  • विद्युत आपूर्ति हेतु सबस्टेशन

  • बाजार एवं व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स

  • खेल मैदान

  • तालाब एवं जल संरचनाएँ

  • पुलिस थाना

  • प्रमुख सड़क व आंतरिक सड़क नेटवर्क

इन सभी सुविधाओं का उद्देश्य विस्थापित परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक और आधुनिक आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना है।

प्रदेश की श्रेष्ठ पुनर्वास साइट बनने की ओर

SECL दीपका के महाप्रबंधक श्री संजय मिश्रा, कोरबा कलेक्टर श्री अजीत वसंत और स्थानीय प्रशासन के नेतृत्व में यह R&R साइट प्रदेश की सबसे आदर्श पुनर्वास परियोजना बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। इसे सामाजिक पुनर्वास एवं बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में नया मानक माना जा रहा है।

Must Read