छत्तीसगढ़/कोरबा :- “स्वच्छता ही सेवा पर्व” के अंतर्गत छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, कोरबा एवं एसईसीएल, कोरबा क्षेत्र द्वारा सीनियर रिक्रिएशन क्लब में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के हानिकारक प्रभाव, चुनौतियाँ एवं उनके समाधान विषय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय अधिकारी, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल श्री प्रेमेन्द्र शेखर पांडेय एवं क्षेत्रीय महाप्रबंधक, एसईसीएल कोरबा श्री राजेश कुमार गुप्ता ने की।
इस अवसर पर श्री पांडेय ने जनसमूह को संबोधित करते हुए सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विकल्प, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, ई-वेस्ट प्रबंधन और पर्यावरण संतुलन जैसे विषयों पर जागरूक किया तथा अधिक जनभागीदारी की अपील की। वहीं श्री राजेश कुमार गुप्ता ने पर्यावरण संतुलन के लिए वैकल्पिक उपाय अपनाने और प्लास्टिक प्रदूषण से निपटने हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यशाला में क्षेत्रीय अधिकारी (पर्यावरण एवं वन) श्री स्वप्निल सुमन ने प्लास्टिक प्रदूषण की रोकथाम एवं उसके विकल्पों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया और वीडियो क्लिप के माध्यम से प्रतिभागियों को जानकारी साझा की। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को जूट बैग वितरित किए गए और दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्री भुवनेश्वर कश्यप, एसईसीएल कोरबा क्षेत्र ने किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल से श्री प्रसन्ना सोनकर, कार्यपालन अभियंता तथा श्री एस.के. द्विवेदी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम की सफलता में एसईसीएल कोरबा क्षेत्र के महाप्रबंधक एवं पर्यावरण विभाग का विशेष सहयोग रहा।

















