HomeBreaking Newsनगर निगम कोरबा में पहली बार भव्य रामलीला एवं दशहरा उत्सव मेला...

नगर निगम कोरबा में पहली बार भव्य रामलीला एवं दशहरा उत्सव मेला का आयोजन

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  नगर पालिक निगम कोरबा के इतिहास में पहली बार भव्य रामलीला एवं दशहरा उत्सव मेला का आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन 28 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक घंटाघर स्थित ओपन थिएटर मैदान में किया जाएगा। प्रतिदिन शाम 7:00 बजे से रात 10:30 बजे तक होने वाले इस भव्य आयोजन में क्षेत्रवासी भगवान श्रीराम की जीवन लीला का सजीव मंचन देख सकेंगे।

- Advertisement -

इस आयोजन के पीछे उद्देश्य है कि नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों और मर्यादाओं से अवगत कराया जा सके। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्श सर्वकालिक और सार्वभौमिक हैं, जिनकी प्रासंगिकता आज भी उतनी ही है जितनी त्रेतायुग में थी।

विदित हो कि वर्षों के संघर्ष के बाद अयोध्याधाम में भगवान श्रीराम मंदिर का निर्माण हुआ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न हुई। वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा लागू श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत प्रदेश के हजारों नागरिकों को अयोध्याधाम जाकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो चुका है।

नगर निगम कोरबा का यह पहला प्रयास शहर के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। दशहरा पर्व पर अधर्म पर धर्म की विजय का साक्षात् अनुभव कराने हेतु यह आयोजन क्षेत्र के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।

नगर निगम ने सभी नगरवासियों से अपील की है कि वे इस भव्य आयोजन में परिवार सहित शामिल होकर भगवान श्रीराम की जीवन लीला का साक्षात्कार करें और पुण्य लाभ प्राप्त करें।

आयोजन स्थल: घंटाघर ओपन थिएटर मैदान, कोरबा
आयोजन तिथि: 28 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025
समय: प्रतिदिन शाम 7:00 बजे से रात 10:30 बजे तक

Must Read