छत्तीसगढ़/कोरबा :- जनपद पंचायत कोरबा परिसर में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस इस वर्ष एक अनोखे, प्रेरणादायक और देशभक्ति से ओतप्रोत अंदाज़ में मनाया गया। पूरा जनपद कार्यालय तिरंगे की शान, राष्ट्रप्रेम और उत्साह से सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के दौरान अधिकारी-कर्मचारी हाथों में तिरंगा लिए गर्व के साथ शामिल हुए और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गान कर देश के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट की। कार्यक्रम में जनपद पंचायत के सभी जनप्रतिनिधि, जनपद सीईओ खगेश निर्मलकर, सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। 
26 कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए किया गया सम्मानित
ध्वजारोहण उपरांत जनपद पंचायत सभाकक्ष में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद पंचायत अंतर्गत NRLM, आवास योजना, मनरेगा एवं जनपद कार्यालय से जुड़े कुल 26 कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल उनके परिश्रम की पहचान रहा, बल्कि अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बना। 
जनपद पंचायत के विकास की रील बनाने वाले दिव्यांग को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम की एक विशेष और भावुक झलक तब देखने को मिली, जब पंचायत के विकास कार्यों को सकारात्मक रूप में प्रस्तुत करने वाली रील बनाने पर ओंकारेश्वर सोनवानी (दिव्यांग) को सम्मानित किया गया। यह सम्मान इस बात का प्रतीक बना कि प्रतिभा किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती। जनपद पंचायत कोरबा में पहली बार हुए इस अंदाज में तिरंगे के सम्मान को लेकर सभी कर्मचारी अधिकारी उत्साहित नजर आए और जनपद सीईओ का आभार व्यक्त किया ।

गणतंत्र हमें अधिकार देता है, लेकिन साथ ही राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों की भी याद दिलाता है
इस अवसर पर जनपद सीईओ श्री खगेश ने उद्बोधन में कहा कि 26 जनवरी का यह पावन दिवस हमें याद दिलाता है कि हमारा देश संविधान, समानता, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित है, आज के इस पावन अवसर पर हम उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हैं, जिनके बलिदान से हमें आज़ाद भारत और गणतंत्र मिला, गणतंत्र हमें अधिकार देता है, लेकिन साथ ही राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों की भी याद दिलाता है, आइए, हम सब ईमानदारी, अनुशासन और सेवा भाव के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लें ।



















